पुलिस लाइन में मनाई गई सरदार पटेल की 151वीं जयंती, पुलिसकर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन बस्ती में समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर के साथ सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें शत-शत नमन किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षु आरक्षियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत सभी पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण के दौरान सभी ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। साथ ही देशवासियों के बीच राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा देश की सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता के बल पर देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके आदर्श आज भी राष्ट्र की एकता, अखंडता और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बस्ती पुलिस राष्ट्र सेवा, कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगी। सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों का ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देश की संप्रभुता की रक्षा का संदेश दिया गया।