डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । लौह पुरुष एवं देश के प्रथम गृहमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को संकल्प दिलाया कि वे राष्ट्र की एकता एवं अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे। साथ ही देशवासियों के बीच एकता और सद्भाव का संदेश फैलाने के लिए भी पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की रियासतों का एकीकरण कर मजबूत और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में एडीएम ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी, राजेश यादव, रश्मि यादव सहित कलेक्ट्रेट के वीरेन्द्र कुमार, प्रेम प्रकाश, सुरेन्द्र कुमार, सुदर्शन यादव, राजेश रंजन, धनंजय सिंह समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।