बस्ती। बहादुरपुर ब्लाक के भोड़सर गांव के मैदान में आयोजित 26 दिवसीय युवा शक्ति क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन अध्यक्ष मुरलीधर यादव एवं उपाध्यक्ष जर्नादन सिंह यादव के संयोजन में किया गया, जिसमें कुल 64 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला गोनार और भूअर सराय टीमों के बीच खेला गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव यादव देवा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही दिशा और अवसर देने की है। भूअर सराय की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित ओवरों में गोनार की टीम ने 133 रन का लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भूअर सराय की टीम कड़े मुकाबले में सात रन से पीछे रह गई और गोनार ने रोमांचक जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
गोनार के कप्तान पिकूं पाल और भूअर सराय के कप्तान राजवंत रहे। शानदार प्रदर्शन के लिए गोनार टीम के सोनू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। प्रधानाचार्य आज्ञाराम चौधरी, के.पी राठौर, फौजी विष्णु सिंह, जीतबहादुर यादव, सत्यम, अजीत के अलावा तमाम लोग मौजूद रहे।