कवि सुनील चौरसिया ‘सावन’ को प्राचार्य ने किया सम्मानित 

कवि सुनील चौरसिया ‘सावन’ को प्राचार्य ने किया सम्मानित

अनुराग लक्ष्य न्यूज

केंद्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय), नयी दिल्ली से प्राप्त प्रशस्ति पत्र को प्रदान कर शिक्षक एवं साहित्यकार सुनील चौरसिया को सम्मानित करते हुए प्राचार्य उमेश पांडेय, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गांगरानी, कुशीनगर ने कहा कि अपना केन्द्रीय विद्यालय संगठन हर वर्ष ‘काव्य मंजरी’ नामक पत्रिका प्रकाशित करता है जिसमें भारत के अलावा नेपाल, रूस और ईरान के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की चयनित कृतियां प्रकाशित होती रहती हैं। इस प्रतिष्ठित पत्रिका में अपने विद्यालय के श्री सुनील चौरसिया, स्नातकोत्तर शिक्षक (हिन्दी) की ‘जीवन’ नामक प्रेरक कविता प्रथम पृष्ठ पर प्रकाशित हुई है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। इसी तरह सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भी पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

 

सुनील चौरसिया ‘सावन’ ने केंद्रीय विद्यालय संगठन के उच्च पदाधिकारीगण, प्राचार्य, शिक्षकवृंद एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जिस तरह स्वर्ण को उचित वातावरण मिलने पर वह हार बन जाता है, किसी के जीवन का श्रृंगार बन जाता है। उसी तरह सुनहरा वातावरण मिलने पर साधारण व्यक्ति भी रचनाकार बन जाता है। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यालय की सफलता है। जिसमें आप सबकी महती भूमिका है।

 

 

आभा कृष्णा, संगीत शिक्षिका के कुशल मंच संचालन में सुनील ‘सावन’ ने अपनी लोकप्रिय कविता ‘जीवन’ का पाठ किया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामय उपस्थिति रही। शुभचिंतकों ने खुशियां जताकर बधाइयां दीं।