नेपाल पुलिस ने भारतीय सीमा में प्रवेश कर एक युवक को लिया पकड़
रिपोर्टर श्रवण कुमार अग्रहरि
नौतनवां (महराजगंज) अन्तर्राष्ट्रीय सीमा भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। जहां कथित तौर पर नेपाल पुलिस ने भारतीय सीमा में प्रवेश कर एक युवक को पकड़ लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल का एक युवक किसी मामले में वांछित बताया जा रहा था, जो नेपाल से भारत की ओर आ रहा था। इसी दौरान नेपाल पुलिस के दो जवान उसका पीछा करते हुए भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए और उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी युवक को पकड़कर घसीटते हुए नेपाल सीमा की ओर ले गए।
घटना के दौरान मौजूद लोगों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम को देखकर मौके पर मौजूद भारतीय पुलिसकर्मी भी आगे बढ़े और स्थिति को संभाला। बाद में युवक को नेपाल सीमा तक ले जाया गया, जहां आगे की कार्रवाई की गई।
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि क्या इस तरह किसी विदेशी पुलिस बल का भारतीय सीमा में प्रवेश करना नियमों के अनुरूप है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी स्थिति में नेपाल पुलिस को भारतीय पुलिस से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करनी चाहिए थी, ताकि अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित हो सके।
हालांकि, इस मामले की वास्तविकता और पूरी स्थिति क्या थी, यह भारत और नेपाल की संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल इस घटना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।