पड़रिया दत्तू में लौह पुरुष सरदार पटेल की प्रतिमा का भव्य अनावरण, सांसद और विधायक ने किया लोकार्पण

पड़रिया दत्तू में लौह पुरुष सरदार पटेल की प्रतिमा का भव्य अनावरण, सांसद और विधायक ने किया लोकार्पण

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। रुधौली विधानसभा क्षेत्र के दसिया-महनुआ मार्ग स्थित पड़रिया दत्तू खेल मैदान में शनिवार को लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर उनकी भव्य प्रतिमा के अनावरण एवं लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान शिवेंद्र चौधरी के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बस्ती के सांसद राम प्रसाद चौधरी एवं स्थानीय विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

इस अवसर पर सांसद एवं विधायक ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

 

वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और मजबूत संकल्प शक्ति से देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।

 

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश की एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

 

इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं ग्रामीणों ने लौह पुरुष की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।