बस्ती में प्रथम परिवहन मेले का आयोजन, 43 वाहन स्वामियों को पेनाल्टी में 1.33 लाख की छूट, 26.41 लाख रुपये राजस्व जमा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। परिवहन विभाग की सेवाओं को आमजन तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को संभागीय परिवहन कार्यालय, बस्ती के सभागार में प्रथम परिवहन मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक हर्रैया के प्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुख विक्रमजोत कृष्ण कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि परिवहन मेले का उद्देश्य जनता को परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से समय से करों का भुगतान करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपये का पुरस्कार भी प्राप्त किया जा सकता है।
वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) माला बाजपेयी ने बताया कि जनसामान्य को विभागीय सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने के लिए मेले में छह काउंटर बनाए गए थे। इन पर बकाया कर जमा करने, मोबाइल नंबर अपडेट कराने, नए वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस और परमिट सहित विभिन्न कार्यों की सुविधा दी गई। मेले में प्राप्त आवेदनों का तत्काल निस्तारण किया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी फरीदउद्दीन ने बताया कि शासन के निर्देश पर आयोजित इस मेले के बाद नवंबर 2026 के चतुर्थ शुक्रवार तथा दिसंबर 2026 के चतुर्थ शनिवार को भी परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी वाहन स्वामियों से अपील की कि वे अपने वाहनों के डाटाबेस में मोबाइल नंबर शीघ्र अपडेट करा लें, जिससे वाहन के प्रपत्रों की वैधता संबंधी सूचनाएं समय पर मिल सकें।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश मौर्य ने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने ओवरस्पीडिंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की हिदायत देते हुए यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया।
मेले में उल्लेखनीय राजस्व प्राप्ति भी हुई। कुल 43 वाहन स्वामियों को पेनाल्टी में 1.33 लाख रुपये की छूट प्रदान की गई, जबकि 26.41 लाख रुपये का बकाया राजस्व जमा कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (सड़क सुरक्षा) धर्मेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर यात्री एवं मालकर अधिकारी शिव कुमार मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, आवेदक एवं वाहन स्वामी उपस्थित रहे।