अयोध्या दीपोत्सव-2025 में रामायण के सात कांडों पर आधारित भव्य झांकियों का प्रदर्शन

अयोध्या । आगामी अयोध्या दीपोत्सव-2025 में रामायण के सात कांडों पर आधारित झांकियों के भव्य प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। इस शोभायात्रा में प्रभु श्रीराम के बालकांड से लेकर उत्तरकांड तक के प्रमुख प्रसंग कलाकारों द्वारा झांकियों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किए जाएंगे।उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति और धर्मग्रंथों की शिक्षाओं को आमजन तक पहुंचाना है, विशेषकर बच्चों और युवा पीढ़ी को उनकी पौराणिक कथाओं और संस्कृति से जोड़ना। इसके साथ ही, यह आयोजन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का भी माध्यम होगा।मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या दीपोत्सव की शोभायात्रा में शहर के मार्गों पर सांस्कृतिक समृद्धि और धार्मिक भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इसमें स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश और विदेश से आए श्रद्धालु भी शामिल होंगे। रामनगरी इस वर्ष 26 लाख से अधिक दीयों से जगमगाएगी। लक्ष्मण किला घाट से नया घाट तक 2100 लोगों द्वारा महाआरती की जाएगी, जो विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।पर्यटन मंत्री ने बताया कि दीपोत्सव-2025 में भगवान श्रीराम की जीवन गाथा को जीवंत करने वाली झांकियों में प्रत्येक कांड के प्रमुख प्रसंगों का कलात्मक चित्रण किया जाएगा। पारंपरिक परिधान, संगीत, नृत्य और सजावट के माध्यम से प्रस्तुत ये झांकियां दीपोत्सव के सांस्कृतिक उल्लास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। झांकियों एवं विभिन्न प्रस्तुति माध्यमों के जरिए भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र को धरातल पर उतारकर त्रेतायुग का अनुभव भी कराया जाएगा।बालकांड की झांकी में भगवान राम के जन्म और विश्वामित्र आश्रम गमन के प्रसंग दिखाए जाएंगे। अयोध्या कांड में राम और सीता के विवाह तथा वनगमन का चित्रण होगा। अरण्य कांड में सीता हरण और जटायु प्रसंग प्रस्तुत होंगे, जबकि किष्किंधा कांड में सुग्रीव-मित्रता, सुंदरकांड में हनुमान की लंका यात्रा और उनके पराक्रम को दर्शाया जाएगा। लंका कांड में रावण वध और उत्तरकांड में श्रीराम के राज्याभिषेक के दृश्य विशेष आकर्षण होंगे।इस आयोजन के माध्यम से दीपोत्सव-2025 न केवल आस्था का उत्सव बनेगा, बल्कि रामायण के आदर्श और मर्यादा का संदेश भी हर वर्ग के लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंचेगा।