लखनऊ, । संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलीटेक्निक), उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के राजकीय, अनुदानित, पीपीपी मोड एवं निजी क्षेत्र की पॉलीटेक्निक संस्थाओं में विभिन्न डिप्लोमा एवं पोस्ट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण समापन हो गया है।यह परीक्षा 02 जून से 09 जून 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली के माध्यम से आयोजित की गई। तकनीकी शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी इस महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों को इंजीनियरिंग, फार्मेसी, प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, परिधान प्रौद्योगिकी तथा होटल प्रबंधन सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर प्राप्त होता है।परीक्षा का आयोजन पूर्णतः कंप्यूटर आधारित होने के कारण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ रही। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षित प्रवेश व्यवस्था एवं तकनीकी सहायता टीमों की तैनाती की गई। परिषद मुख्यालय, लखनऊ से पूरी परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी की गई तथा किसी भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहा।जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, केंद्र व्यवस्थापकों तथा परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफल आयोजन संभव हो सका। आंकड़ों के अनुसार इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रम (समूह-ए) में 2,07,229 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,67,921 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। फार्मेसी डिप्लोमा (समूह-ई1 एवं ई2) में 1,64,312 में से 1,29,977 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। लेटरल एंट्री (समूह-के1 से के8) में 35,680 में से 25,663 तथा अन्य विशिष्ट समूहों में 16,574 में से 10,741 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलीटेक्निक) के सचिव ने परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों, अभिभावकों, परीक्षा केंद्रों के अधिकारियों-कर्मचारियों, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।परिषद के अनुसार उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का परिणाम 20 जून 2026 तक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किया जाएगा। इसके बाद ऑनलाइन काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी निर्धारित समय पर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।