थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह को पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। थाना वाल्टरगंज के थानाध्यक्ष पद पर तैनात उपनिरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह के निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। रविवार को पुलिस लाइन बस्ती में उनके पार्थिव शरीर पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को करीब दोपहर एक बजे थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह अपने हमराही के साथ पानी टंकी के पास पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने हमराही और चालक को सिविल लाइन चौकी पर रुकने के लिए कहा और कचहरी के पास स्थित अपने आवास पर आराम करने की बात कहकर चले गए। शाम को उनके हमराही और थाने की ओर से कई बार फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसकी जानकारी सिविल लाइन चौकी प्रभारी को दी गई।
पुलिस के मुताबिक, उनके आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर सूर्य प्रकाश सिंह फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
सूर्य प्रकाश सिंह मूल रूप से भीलमपुर छपरा, थाना अतरौलिया, जनपद आजमगढ़ के निवासी थे। उन्होंने 15 फरवरी 1988 को आरक्षी पद पर पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। 7 सितंबर 2008 को हेड कांस्टेबल तथा 11 नवंबर 2016 को वरिष्ठ सूची से उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए थे।
पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शोक धुन के बीच पुलिस जवानों एवं अधिकारियों ने शोक सलामी दी। अधिकारियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।