मिल्कीपुर, अयोध्या। कुमारगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की दादी की तहरीर पर पुलिस ने एक दूसरे समुदाय के युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात नाबालिग बालिका बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। रात करीब 12 बजे जब वह वापस लौटी तो परिजनों ने उससे पूछताछ की। इस दौरान बालिका ने परिजनों को बताया कि दूसरे गांव का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ गलत काम किया। मामले की जानकारी होने पर परिजनों ने बुधवार को डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही कुमारगंज पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। इसके बाद गुरुवार को पीड़िता की दादी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को एक बाग से गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। इस संबंध में कुमारगंज थाना अध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि पीड़िता की दादी की तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।