
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा की ओर से आगामी 3 सितंबर को शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले ‘श्रद्धेय मुलायम सिंह शिक्षक सम्मान समारोह’ के लिए चयनित पांच शिक्षकों के नामों की घोषणा कर दी गई है। होटल शाने अवध में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष दान बहादुर सिंह ने इन नामों का ऐलान किया। घोषित सूची के अनुसार, सम्मानित होने वाले शिक्षकों में डॉ. मीनाक्षी यादव (कार्यवाहक प्रधानाध्यापिका, प्राथमिक विद्यालय अमोना), सुश्री सुल्ताना बानो (सहायक अध्यापिका, राजकीय हाई स्कूल बहरास, रुदौली), राकेश कुमार वर्मा (सहायक अध्यापक, उच्च प्राथमिक विद्यालय चन्दीपुर नगहरा, मिल्कीपुर), बृजेश कुमार (कार्यवाहक प्रधानाध्यापक, कलापुर मवई) और डॉ. जन्मेजय तिवारी (असिस्टेंट प्रोफेसर, साकेत महाविद्यालय, अयोध्या) शामिल हैं। दिग्गज नेता करेंगे शिरकत महानगर प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने जानकारी दी कि 3 सितंबर को आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ से सांसद धर्मेंद्र यादव होंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एस.पी. सिंह पटेल, प्रमुख महासचिव डॉ. कमलेश यादव और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र प्रसाद मिश्रा कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा, समारोह के संस्थापक और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जनपद के सभी पूर्व मंत्री, विधायक, सांसद अवधेश प्रसाद तथा जिला व महानगर अध्यक्ष भी गोष्ठी में शामिल होंगे। प्रेसवार्ता के दौरान चयन समिति के सदस्य विमल सिंह यादव, प्रभाकर सिंह, तहसीलदार सिंह, अमरनाथ सिंह, प्रदीप कुमार तिवारी, रणधीर सिंह, अवनीश प्रताप सिंह, मृत्युंजय सिंह और शिक्षक सभा के महानगर महासचिव डॉ. घनश्याम यादव सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।