बस्ती: गांव की ही नौ वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोपित को गुरवार की भोर में करीब तीन बजे पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान आरोपित के पैर में गोली लगी है। सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव की नौ वर्षीय बच्ची को गांव के ही एक युवक ने पकड़ लिया व उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। बालिका के शोर मचाने पर युवक मौके से भाग निकला। पीड़ित के स्वजन द्वारा इस बात की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। गुरुवार की भोर में मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सोनहा चंदन कुमार, चौकी प्रभारी असनहरा शशांक सिंह, उपनिरीक्षक रवीन्द्र शुक्ला,कांस्टेबल संजय सिंह व देवेंद्र यादव के साथ शिवाघाट निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल पर पहुंच गई। आरोपित को आत्मसमर्पण के लिए कहा गया तो उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया गया। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी। वह भागने की कोशिश कर रहा था तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित के पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है आरोपित जलालुद्दीन पुत्र नन्हे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरौली शुमाली भेजा गया वहां से प्राथमिक उपचार के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल रवाना कर दिया गया ।