गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। थाना हर्रैया पुलिस और सर्विलांस टीम बस्ती की संयुक्त कार्रवाई में यूपी गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना हर्रैया में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 190/2026, धारा 3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त अमित शर्मा पुत्र स्व. दाऊ शर्मा, निवासी भदावल कला, थाना हर्रैया, जनपद बस्ती को मुखबिर की सूचना पर 29 सितंबर को तपसी धाम मोड़ पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के पास से उसके द्वारा प्रयोग की जा रही स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP51BV9513 बरामद हुई। वाहन के संबंध में वैध कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हर्रैया संजय कुमार, प्रभारी सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक शेषनाथ यादव, उपनिरीक्षक कामेश्वर मिश्र समेत थाना हर्रैया और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।