सन गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए लंबी कतार, डीएसी व्यवस्था पर उठे सवाल

सन गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए लंबी कतार, डीएसी व्यवस्था पर उठे सवाल

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

महराजगंज / बस्ती। गैस सिलेंडर की बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों के बीच महराजगंज स्थित सन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को घंटों कतार में खड़े होकर सिलेंडर लेने की शिकायत सामने आई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि डीएसी नंबर की व्यवस्था बताए जाने के बावजूद उन्हें गोदाम पहुंचकर लाइन में लगना पड़ रहा है।

 

उपभोक्ताओं के मुताबिक उन्हें बताया गया है कि पर्ची कटवाने की आवश्यकता नहीं है और डीएसी नंबर के माध्यम से वाहन से कहीं से भी सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है। हालांकि, मौके पर व्यवस्था अलग दिखाई देती है। डीएसी नंबर देने के बाद भी कई उपभोक्ताओं को गोदाम पर पहुंचकर घंटों इंतजार करना पड़ता है।

 

उपभोक्ताओं ने गोदाम पर कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि कई बार सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया जाता है। वहीं, वितरण के समय को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि सुबह से ही कुछ लोगों को बड़ी संख्या में सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाते हैं, जबकि आम उपभोक्ताओं को 10 बजे के बाद वितरण शुरू होने की बात कही जाती है।

कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एक साथ 30 से 40 सिलेंडर तक कुछ लोगों को उपलब्ध हो जाते हैं, जबकि सामान्य उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर के लिए भी लंबी कतार में खड़ा रहना पड़ता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग एवं गैस एजेंसी के उच्चाधिकारियों से वितरण व्यवस्था की जांच कराने, डीएसी व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा सभी उपभोक्ताओं को बिना भेदभाव समय से सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।