फर्जी सूचना देकर डायल-112 को परेशान करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 18 के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। डायल-112 पर अनावश्यक रूप से बार-बार कॉल कर झूठी एवं फर्जी सूचना देकर पुलिस और पीआरवी टीम को परेशान करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध बस्ती पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक डायल-112 मय पुलिस टीम ने ऐसे कॉलरों को चिन्हित किया।
पुलिस के अनुसार, चिन्हित व्यक्तियों द्वारा दिन अथवा रात में अलग-अलग स्थानों से डायल-112 पर बार-बार कॉल कर घटनाओं की झूठी सूचना दी जाती थी। सूचना मिलने पर पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंचती थी, लेकिन वहां किसी घटना का होना नहीं पाया जाता था। इससे पुलिस के समय एवं संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी के साथ वास्तविक पीड़ितों तक पहुंचने में देरी तथा कंट्रोल रूम पर अतिरिक्त भार पड़ता था।
अभियान के दौरान कुल 18 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें छह व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135 बीएनएसएस, आठ व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस तथा एक व्यक्ति के विरुद्ध गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं तीन व्यक्तियों द्वारा माफीनामा प्रस्तुत किए जाने पर उन्हें भविष्य में फर्जी अथवा झूठी सूचना न देने की चेतावनी देते हुए नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त तीन कॉलर गैर जनपद अथवा गैर राज्य में निवास कर रहे हैं और वहीं से डायल-112 पर कॉल करते हैं। इनके विरुद्ध भी प्रभारी निरीक्षक डायल-112 एवं पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बस्ती पुलिस ने अपील की है कि डायल-112 आपातकालीन सेवा है। इसका उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही किया जाए। अनावश्यक, झूठी अथवा फर्जी सूचना देकर कॉल करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।