बाल दिवस पर अनूठी पहल: कक्षा 8 की छात्रा को बनाया गया एक दिन का प्रिंसिपल

बाल दिवस पर अनूठी पहल: कक्षा 8 की छात्रा को बनाया गया एक दिन का प्रिंसिपल

 

लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। बाल दिवस के पावन अवसर पर जनपद के लक्ष्मण पटेल नेशनल इंटर कॉलेज,पड़िया-खास (बस्ती ) विद्यालय की प्रधानाचार्य सोनी पटेल के निर्देशन में कक्षा 8 की छात्रा आयुषी पांडे को नए आयामों,कलात्मक रुचियों वा प्रतियोगिताओं के बेहतर प्रदर्शन करने के उपलक्ष्य में एक दिन के लिए विद्यालय का ‘प्रिंसिपल’ नियुक्त किया गया।

इस विशेष दिन पर नवनियुक्त बाल प्रिंसिपल ने पूरी गंभीरता और आत्मविश्वास के साथ प्रधानाचार्य की कुर्सी संभाली और विद्यालय की दैनिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन की व्यवस्था का जायजा लिया और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रधानाचार्य सोनी पटेल ने इस अवसर पर कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें भविष्य में बड़े प्रशासनिक व नेतृत्वकारी पदों पर जाने की प्रेरणा मिलती है। विद्यालय परिवार ने छात्रा को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ‘बेटी पढ़ेगी – देश बढ़ेगा’ के संदेश को सार्थक करती यह पहल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और अभिभावकों द्वारा इसकी खूब सराहना की जा रही है।