19 वर्षों से अमहट घाट पर नि:स्वार्थ सेवा कर रहे मनमोहन सिंह ‘काजू’, छठ पर श्रद्धालुओं को पिलाई नि:शुल्क चाय

19 वर्षों से अमहट घाट पर नि:स्वार्थ सेवा कर रहे मनमोहन सिंह ‘काजू’, छठ पर श्रद्धालुओं को पिलाई नि:शुल्क चाय

 

छठ महापर्व पर दी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं, अवसर मिला तो बस्ती सदर की बदलेंगे सूरत

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता, जीएसटी अधिवक्ता एवं विधानसभा क्षेत्र बस्ती सदर के भावी प्रत्याशी मनमोहन सिंह श्रीवास्तव ‘काजू’ ने क्षेत्र की सभी व्रती माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करने की कामना की।

 

इस अवसर पर उन्होंने अपनी 19 वर्षों से चली आ रही सेवा परंपरा को भी जारी रखा। अमहट घाट पर उनके द्वारा श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क चाय वितरण की व्यवस्था की गई। छठ पूजा के दौरान देर रात से लेकर भोर तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचते हैं। ऐसे में ठंड और थकान के बीच गर्मागर्म चाय उपलब्ध कराना उनके लिए राहत का माध्यम बनता है। मनमोहन सिंह ‘काजू’ अपने सहयोगियों के साथ पूरी श्रद्धा और समर्पण से इस सेवा कार्य में जुटे रहते हैं।

 

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, अनुशासन, स्वच्छता और सेवा भाव का भी संदेश देता है। 19 वर्षों से अमहट घाट पर श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि आत्मिक संतुष्टि और सौभाग्य का विषय है। उनका प्रयास है कि भविष्य में भी यह सेवा निरंतर जारी रहे।

 

राजनीतिक संकल्प पर चर्चा करते हुए मनमोहन सिंह ‘काजू’ ने कहा कि वह विधानसभा बस्ती सदर से चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। यदि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें पार्टी की ओर से अवसर दिया और जनता का आशीर्वाद प्राप्त हुआ तो बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उनका उद्देश्य राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाकर आम जनता की समस्याओं का समाधान करना और बस्ती सदर को विकास के नए आयाम तक पहुंचाना है।

 

अंत में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और छठ महापर्व की पवित्रता बनाए रखने की अपील की।