अयोध्या । जल पुलिस ने सरयू नदी में कूदने वाली महिला को बचाया

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। बुधवार को अयोध्या धाम में एक महिला ने पारिवारिक कलह के चलते सरयू नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात जल पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बचा लिया।
यह घटना सरयू नदी के घाट पर हुई, जहां निर्मला यादव (पत्नी राहुल यादव), जो गोंडा जिले के मुगलानी वजीरगंज गांव की रहने वाली हैं, ने नदी के तेज बहाव में छलांग लगा दी। उन्हें डूबता देख जल पुलिस की टीम ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। जल पुलिस प्रभारी रुबे प्रताप मौर्य, कांस्टेबल नित्यानंद यादव, सुरेंद्र यादव, मेहर सिंह, लालमणि और आशीष प्रताप के साथ-साथ स्थानीय गोताखोर शरद मांझी ने अपनी जान की परवाह किए बिना गहरे पानी में उतरकर महिला का सफल रेस्क्यू किया। महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद जल पुलिस चौकी लाया गया, जहां उसे खाने-पीने का सामान दिया गया। इसके बाद पुलिस ने महिला से बातचीत कर उसके परिवार को सूचित किया और उन्हें सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
जल पुलिस के इस साहसिक कार्य की स्थानीय लोगों और महिला के परिवार ने जमकर सराहना की। इस तरह की घटनाओं में पुलिस की तत्परता से अयोध्या में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा केवल अयोध्या ही नहीं, बल्कि आस-पास के अन्य जिलों में भी हो रही है।