आवासीय कॉलोनियों में दुकान खोलने की अनुमति देने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
बाजारों को नियमित करने, प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास की उठाई आवाज
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमण्डल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों, व्यापारियों ने जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर आवासीय कॉलोनियों में दुकान खोलने की अनुमति देने, विकसित बाजारों को नियमित करने और ध्वस्तीकरण से प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास की मांग की।
प्रदेश उपाध्यक्ष और बस्ती मण्डल अध्यक्ष हरिमूर्ति सिंह ‘मनोज’ ने बताया कि विकास प्राधिकरण एवं आवास विकास परिषद की कॉलोनियों में पर्याप्त बाजारों की व्यवस्था नहीं होने के कारण व्यापारियों ने अपने स्तर पर बाजार विकसित किए। अब आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों और कथित अवैध निर्माण के नाम पर सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी होने से व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद मद्धेशिया ने कहा कि आवासीय भवनों में दुकान खोलने की अनुमति देने के लिए कानून बनाया जाना चाहिए। व्यापारी बिजली बिल, हाउस टैक्स, जीएसटी और आयकर के माध्यम से सरकार को राजस्व देते हैं, इसके बावजूद उनके हितों की अनदेखी की जा रही है।
जिला महामंत्री आलोक दुबे एवं युवा जिला अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि ज्ञापन में विकसित बाजारों एवं कॉलोनियों को नियमित करने, ध्वस्तीकरण से प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास तथा अवैध निर्माण के मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर दोषियों को दंडित करने के लिए कानून बनाने की मांग की गई है। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से इस मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संगठन महामंत्री भरत राम अग्रहरी ‘बबलू’, जिला कोषाध्यक्ष महेन्द्र गुप्ता, नगर अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप, नगर महामंत्री धीरेंद्र चौधरी, नगर संगठन महामंत्री डॉ. प्रदीप सिंह, युवा महामंत्री सत्य प्रकाश दुबे, जिला संगठन मंत्री संजय गुप्ता, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना वर्मा, जिला महामंत्री गीता देवी, जिला कोषाध्यक्ष राजेश्वरी शर्मा, रावेश श्रीवास्तव, सुजीत कुमार गुप्ता, आकाश सोनी, अवधेश निषाद, सत्यम सिंह, मोहम्मद फुरकान, मोहम्मद नदीम, अली हुसैन, अश्विन कुमार, शुभम कुमार, सुखसागर, नितिन श्रीवास्तव, उज्ज्वल श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव, रजनीश कुमार और त्रिलोकी नाथ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।