पीईटी-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क, बस्ती में 34 परीक्षा केंद्र निर्धारित

पीईटी-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क, बस्ती में 34 परीक्षा केंद्र निर्धारित

 

25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, प्रत्येक पाली में करीब 13 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक में बताया गया कि जनपद बस्ती में पीईटी-2026 की लिखित परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 34 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन और प्रभावी निगरानी के लिए 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 34 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रत्येक पाली में लगभग 13 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

 

व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश

 

जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, क्लॉक रूम तथा अन्य जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी नामित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखें। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

परीक्षा केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

 

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

 

दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा, आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला उद्यान अधिकारी अरुण त्रिपाठी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अशोक मद्धेशिया, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के मयंक श्याही सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।