दुर्गा पूजा मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क, सीओ सदर ने किया पैदल गश्त
सड़क के बीच ठेला लगाने वालों को हटाया, दोबारा अतिक्रमण न करने की दी चेतावनी
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। दुर्गा पूजा मेले के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर को सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर बस्ती सुश्री मानसी दहिया ने प्रभारी निरीक्षक महिला थाना डॉ. शालिनी सिंह के साथ पुलिस बल लेकर संपूर्ण मेला क्षेत्र में पैदल गश्त एवं भ्रमण किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। सड़क के बीचों-बीच ठेला लगाकर आवागमन बाधित करने वालों को हटाया गया। साथ ही उन्हें दोबारा सड़क पर ठेला न लगाने की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित लोगों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और यातायात में बाधा उत्पन्न न करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है।