मिशन शक्ति अभियान 6.0: गौर और मुंडेरवा में छात्राओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति अभियान 6.0: गौर और मुंडेरवा में छात्राओं को किया गया जागरूक

 

महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत गुरुवार को जनपद बस्ती के थाना गौर और थाना मुंडेरवा पुलिस ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाकर छात्राओं को महिला सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया।

 

थाना गौर पुलिस ने पंडित महादेव शुक्ल इंटर कॉलेज, गौर में तथा थाना मुंडेरवा पुलिस ने गन्ना विकास इंटर कॉलेज, मुंडेरवा में छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पंपलेट वितरित कर शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112, 1076, 1098 और 108 के बारे में विस्तार से बताया। छात्राओं को संकट की स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

पुलिस ने छात्राओं को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

 

अभियान के दौरान दोनों थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों के आसपास चेकिंग भी की। अनावश्यक रूप से घूम रहे व्यक्तियों को सख्त हिदायत देते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।

 

पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और अपराधों के प्रति जागरूकता विकसित करना है।