शिक्षक निर्वाचन के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, निष्पक्ष मतदान कराने के निर्देश

शिक्षक निर्वाचन के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, निष्पक्ष मतदान कराने के निर्देश

 

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की देखरेख में पूरी हुई रवानगी की प्रक्रिया, निर्वाचन कार्मिकों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की देखरेख में रवानगी की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे मतदान प्रक्रिया को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएं। सभी कार्मिक निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदान से जुड़ी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदान की निष्पक्षता, पारदर्शिता और गोपनीयता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

 

उन्होंने पोलिंग पार्टियों को रवाना होने से पहले मतदान सामग्री एवं आवश्यक अभिलेखों की अच्छी तरह जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि उसका समय से समाधान किया जा सके।

 

जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की अपेक्षा की। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता सहित निर्वाचन से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।