दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीआईजी-डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण

दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीआईजी-डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण

 

पंडालों से लेकर केवचा घाट तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर दिए निर्देश

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। आगामी दुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती तथा उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहर के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों और आयोजकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

 

श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज मैदान सहित अन्य निर्धारित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने, मेला क्षेत्र में अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

इसके बाद मध्य रात्रि में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम थाना कलवारी क्षेत्र के केवचा घाट स्थित प्रमुख मूर्ति विसर्जन स्थल पर पहुंची। यहां घाट की सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा विसर्जन मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया। मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी का निरीक्षण करते हुए उन्हें पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

 

अधिकारियों ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाट पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ही मूर्ति विसर्जन करने के लिए जागरूक करने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। विसर्जन कार्यक्रम की समाप्ति तक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने और सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।