बागेश्वर धाम की पदयात्रा में शामिल हुए राजा भइया, बोले: एकजुट होकर सनातन धर्म की रक्षा करें

कुंडा विधायक ने जातिगत भेदभाव मिटाकर सनातन एकता पर दिया ज़ोर; धीरेंद्र शास्त्री ने की प्रशंसा।

 

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ शुक्रवार को मथुरा के पास बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’ में शामिल हुए।

राजा भइया ने धीरेंद्र शास्त्री के साथ पैदल यात्रा करते हुए जयकारे लगाए और समर्थकों के साथ भोजन भी किया। उनके साथ उनके दोनों पुत्र कुंवर शिवराज प्रताप सिंह और कुंवर बृजराज प्रताप सिंह, प्रतापगढ़ के पूर्व सांसद/एमएलसी कुंवर अक्षय प्रताप सिंह ‘गोपाल जी’ भी उपस्थित रहे।

पदयात्रा के दौरान राजा भइया ने अपने संबोधन में सनातन धर्म की एकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, “सनातन धर्म ही हमें एकजुट रख सकता है। सभी जातियों को एकजुट होकर सनातन धर्म की रक्षा करनी होगी, तभी हम अपने धर्म और संस्कृति को बचा सकते हैं।” उन्होंने जाति, धर्म और क्षेत्र के भेदभाव को भूलकर एकजुट होने का आह्वान किया।

बागेश्वर धाम सरकार ने राजा भइया के सनातन प्रेम की सराहना करते हुए कहा, “राजा भइया सनातन के लिए बहुत सोचते हैं और हनुमान जी के भक्त हैं।”

यह पदयात्रा 7 नवंबर को शुरू हुई थी और 16 नवंबर को वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में धर्म ध्वजा चढ़ाने के साथ समाप्त होगी।