एसबीआई शाखा प्रबन्धक और कर्मचारियों पर धोखाधड़ी, गबन का मुकदमा

 

बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के गौरा निवासी राम उजागिर ने भारतीय स्टेट बैंक शाखा पोखरनी कुसौरा बाजार के शाखा प्रबन्धक और बैंक के अन्य अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसका भारतीय स्टेट बैंक शाखा पोखरनी कुसौरा बाजार मे बचत खाता एवं केसीसी खाता संचालित है। उसने अपने बचत खाता में 7 जुलाई 2021 को 107400 रुपया नगद स्वयं जमा किया, जिसमें से बैंक द्वारा 20 जुलाई 2021 को मिश्रा सीमेन्ट जाली उद्योग के खाता में बगैर उसकी जानकारी के 107000 रूपया ट्रान्सफर कर गबन कर लिया गया। इतना ही नहीं बैंक द्वारा फर्जी खाता खोलकर एक लाख रूपए का लोन कर उसमें से 80 हजार रूपए लोन खाते से भुगतान कर दिया गया, जिसकी भी उसे कोई जानकारी नहीं है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की धनराशी एमसी एंड केसीसी एनीमल हस्वेंडरी एण्ड फिश एकाउंट में ट्रांसफर कर दिया गया। गन्ना भुगतान की राशि भी उक्त खाते मे गलत तरिके से दस्तावेज तैयार कर ,जालसाजी कर ट्रान्सफर कर दिया गया। तहरीर के आधार पर बैंक शाखा प्रबन्धक व अन्य अज्ञात बैंक कर्मचारी के विरूद्ध आईपीसी की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।