बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के मझारी बाजार के पूरब स्थित सरयू नहर खण्ड- 4 में डूबे युवक का शव दूसरे दिन नहर में करीब पांच सौ मीटर दूर बरामद हुआ। नहर में डूबे युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ और गोताखोर लगे हुए थे। नहर में जाल लगाकर पहले दिन मंगलवार को पुलिस ने उसकी खोजबीन कराई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया था। इसके बाद उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई थी।
बता दें कि सोनहा थाना क्षेत्र के परसा निवासी 24 वर्षीय महेन्द्र यादव मझारी बाजार आया था। यहां नहर से करीब 50 मीटर दूर उसकी बहन की ससुराल है। अचानक वह नहर में कूद गया और बीच धारा तक पहुंच गया, इसके बाद वह तैरते हुए वापस लौटने लगा, लेकिन नहर के बीच धारा से वापस लौटते समय वह डूबने लगा। उसके भांजे अंश यादव की नजर जब डूब रहे मामा पर पड़ी तो उसने शोर मचाया। जब तक लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया वह नहर की धारा में समा गया। सूचना पर पहुंची सोनहा थाना पुलिस जाल लगाकर नहर में डूबे युवक को ढूढने के प्रयास में लगी, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। बुधवार को डूबे युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। दिन में करीब 10 बजे से नहर में डूबे युवक की खोज के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया। चार घंटे बाद करीब पांच सौ मीटर दूर लक्ष्मनपुर गांव स्थित पुल के पास डूबे युवक का शव उतराता मिला। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसडीआरएफ टीम में एसआई हरीश वर्मा, अनिकेत शर्मा, राधाकृष्ण, विकास कुमार, रविराज, रोहन यादव, आफताब हुसेन शामिल रहे। मौके पर नायब तहसीलदार कृष्ण मोहन यादव, कानूनगो, जनार्दन चौधरी, लेखपाल सत्तार अली, प्रभारी एसओ नन्हे लाल मिश्रा सहित पुलिस मौजूद रही।