डीएम की अध्यक्षता में वृहद ऋण वितरण शिविर आयोजित, 60 युवाओं को मिला लाभ

डीएम की अध्यक्षता में वृहद ऋण वितरण शिविर आयोजित, 60 युवाओं को मिला लाभ

 

युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश, नवाचार परियोजनाओं को भी प्रोत्साहन

 

जितेन्द्र पाठक

 

 

संत कबीर नगर, जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत वृहद ऋण वितरण कैम्प का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन मिशन निदेशक, सीएम युवा मिशन कार्यालय, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद स्तर पर किया गया।

शिविर में जिलाधिकारी द्वारा 25 लाभार्थियों को कुल 100 लाख रुपये का डेमो चेक वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर 60 लाभार्थियों को 180 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत/वितरित किए गए।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से यह महत्वाकांक्षी योजना लागू की गई है, जिसके अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण 4 वर्ष की अवधि के लिए उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं।

मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थियों को पूर्ण मनोयोग और समर्पण के साथ अपने उद्यम का संचालन करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह योजना उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में कार्य करने के इच्छुक युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। इच्छुक आवेदक जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, मुखलिसपुर रोड, खलीलाबाद स्थित कार्यालय में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने युवाओं को नवाचार आधारित परियोजनाओं में भी आगे आने का आह्वान किया। शिविर में सुश्री जया राना, सुश्री पुष्पा देवी (सीएम युवा फेलो) एवं श्री घनश्याम पाण्डेय (जिला प्रबंधक, रैम्प) द्वारा पंजीकरण एवं समस्याओं के समाधान की व्यवस्था भी की गई।

अग्रणी जिला प्रबंधक ने बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि योजना से संबंधित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग सतीश कुमार, जितेन्द्र कुमार गौतम, विशाल श्रीवास्तव, उद्यमी मित्र, कनिष्ठ सहायक जितेन्द्र कुमार सहित समस्त जिला बैंक समन्वयक, बैंक शाखा प्रबंधक एवं लाभार्थीगण उपस्थित रहे।