लखनऊ में निर्माणाधीन भवन का बेसमेंट धंसा, एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल

लखनऊ के विभूतिखण्ड क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन के बेसमेंट में अचानक मिट्टी और निर्माण सामग्री धंस गई। इस हादसे में दो मजदूर दब गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को प्रातः करीब 10 बजे थाना विभूतिखण्ड पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि समिट चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आईजीपी रोड पर एनटीपीसी भवन के सामने स्थित एक निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन के बेसमेंट में काम के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विभूतिखण्ड एवं चौकी इंचार्ज समिट पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस और एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया।पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बेसमेंट में फंसे दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया।अस्पताल में उपचार के दौरान बाराबंकी जनपद के थाना रामनगर क्षेत्र के ग्राम अमौली कीरतपुर निवासी 36 वर्षीय लक्ष्मी शंकर अवस्थी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल मजदूर तुलसीराम, निवासी ग्राम भीकम पट्टी थाना सफदरगंज, को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।