2100 दीपों से जगमगाया चंद्रनगर छठघाट, पीएम मोदी जन्मदिवस पर सेवा-संकल्प का संदेश

2100 दीपों से जगमगाया चंद्रनगर छठघाट, पीएम मोदी जन्मदिवस पर सेवा-संकल्प का संदेश

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बनकटी / बस्ती। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पंचायत बनकटी के चंद्रनगर (मथौली) स्थित छठघाट पर 2100 दीपों के साथ भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता इं. अरविंद पाल तथा डायरेक्टर अरुणा सिंह पाल के नेतृत्व में किया गया।इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, असम प्रदेश प्रभारी एवं युवा मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी तथा बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

छठघाट परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपों की यह श्रृंखला केवल उत्सव का प्रतीक नहीं रही, बल्कि सेवा, संकल्प, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करती नजर आई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता की बड़ी भागीदारी रही, जिससे आयोजन और भी भव्य बन गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि इं. अरविंद पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह दीपोत्सव कार्यक्रम केवल जन्मदिवस मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हम सभी के लिए प्रेरणा है कि हम सेवा, स्वच्छता और समाज के उत्थान के लिए संकल्पित होकर कार्य करें।

पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देश सेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि “सेवा ही संगठन” के मूल मंत्र के साथ भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। दीपोत्सव जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देते हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया। दीपों की जगमगाहट के बीच पूरा छठघाट क्षेत्र आस्था, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के प्रकाश से आलोकिiत हो उठा।