पर्यटन स्ल के सौन्दर्यीकरण व विकास के लिए 10.19 करोड़ रुपये स्वीकृत, अयोध्या मंडल के कई स्थलों को मिलेगा नया स्वरूप

 

लखनऊ   पर्यटन विभाग द्वारा विभिन्न मंडलों के अंतर्गत आने वाले जनपदों में पर्यटन स्थलों के सौन्दर्यीकरण, नवनिर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के अंतर्गत कई परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। अनुमानित लागत का आकलन करते हुए स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष प्रथम किस्त जारी कर दी गई है, जिससे विकास कार्यों को शीघ्र गति मिल सकेगी।यह जानकारी देते हुए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या मंडल के अंतर्गत आने वाली विभिन्न विधानसभाओं के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर प्रथम किस्त की धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि आलापुर क्षेत्र के संत बाबा गोविन्द साहब की तपोभूमि अहिरौली के पर्यटन विकास के लिए 60 लाख रुपये, कटहरी विधानसभा के भीटी स्थित काली मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 62 लाख रुपये तथा अकबरपुर चौतीपारा में ग्रामीण पर्यटन विकास के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।पर्यटन मंत्री ने बताया कि अकबरपुर के लोरपुर में स्थित महाराजा सुहेलदेव राजभर वंशीय अष्टखम्भा स्तूप के पर्यटन विकास के लिए 78 लाख रुपये तथा अकबरपुर के ही अम्बेडकरनगर स्थित श्रवण क्षेत्र के विकास के लिए 262 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त टांडा विकासखंड बसखारी में फलाहारी महाराज एवं अंगीरा मुनि के आश्रम के पर्यटन विकास हेतु 75 लाख रुपये तथा जलालपुर स्थित बाबा झारखण्ड स्थल के विकास के लिए 75 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।इसी प्रकार अमेठी जनपद के विधानसभा क्षेत्र जगदीशपुर स्थित महावीर मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 75 लाख रुपये, तिलोई क्षेत्र के कुटीसेवापुर स्थल के विकास हेतु 95 लाख रुपये तथा गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के मुसाफिरखाना में बाबा महावीरदास मंदिर के विकास के लिए 58 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। साथ ही गौरीगंज तहसील स्थित नर्वदेश्वर महादेव मंदिर के विकास हेतु 55 लाख रुपये तथा संग्रामपुर विकासखंड में लगभग 300 वर्ष पुराने कालिकनधाम मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 110 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के प्राचीन बूढ़ेबाबा मंदिर के विकास के लिए 39 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।इस प्रकार अयोध्या मंडल के अंतर्गत आने वाली विभिन्न विधानसभाओं के पर्यटन स्थलों के विकास के लिए कुल 1019 लाख रुपये की धनराशि अनुमानित लागत के सापेक्ष स्वीकृत की गई है। मंत्री ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि पुनरोद्धार एवं सौन्दर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं, ताकि इन स्थलों को आकर्षक स्वरूप प्रदान कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके।