नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार के लिए प्रदेशभर में चलेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम: जयवीर सिंह

लखनऊ।उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 16 से 18 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले विशेष संसद सत्र के दृष्टिगत नारी शक्ति वंदन अधिनियम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संस्कृति विभाग के अधिकारियों एवं अधीनस्थ अकादमियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम समता, समानता और नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण कदम है।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि 10 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक पूरे प्रदेश में इस अधिनियम के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत संस्कृति विभाग द्वारा कला और नवाचार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सैंड आर्ट, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, लोकगीत तथा अन्य स्थानीय कला विधाओं के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में नारी सम्मान और स्वावलम्बन के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रसारित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय लखनऊ द्वारा नारी शक्ति वंदन विषय पर हस्ताक्षर अभियान चलाने तथा नारी स्वावलम्बन पर आधारित फिल्म निर्माण का कार्य किया जाएगा। इसी प्रकार राज्य ललितकला अकादमी उत्तर प्रदेश लखनऊ महिला कलाकारों के समन्वय से नारी स्वावलम्बन पर आधारित सैंड आर्ट और चित्रकला कार्यशालाओं का आयोजन करेगी।पर्यटन मंत्री ने आगे बताया कि भारतेन्दु नाटक अकादमी लखनऊ द्वारा नारी सशक्तिकरण और स्वावलम्बन विषय पर नुक्कड़ नाटकों एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लखनऊ द्वारा संगीत की विभिन्न विधाओं के माध्यम से नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान लखनऊ द्वारा लोक संगीत की विभिन्न विधाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं अंतर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान अयोध्या द्वारा रामायण के नारी पात्रों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लघु वीडियो सामग्री का निर्माण किया जाएगा, जिससे समाज में नारी सम्मान के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सके।मंत्री ने बताया कि इस व्यापक प्रचार अभियान के सफल संचालन के लिए संस्कृति निदेशक विशाल सिंह की ओर से अधीनस्थ संस्थाओं को आवश्यक शासनादेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रदेशभर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जनजागरूकता प्रभावी ढंग से बढ़ाई जा सके।
————