दीपोत्सव में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, डीएम-एसपी ने किया शुभारंभ, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम।
रवि प्रकाश पाण्डेय संवाददाता
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर – शारदीय नवरात्र की पंचमी तिथि पर गुरुवार को गालापुर स्थित मां महाकाली मंदिर परिसर सवा दो लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। धर्म रक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित भव्य दीपोत्सव में श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर को रंगोलियों और स्वास्तिक, ओम, चरण पादुका व जय माता दी जैसे धार्मिक प्रतीकों से सजाया गया।
दीपोत्सव का शुभारंभ जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार पी और धर्म रक्षा मंच के मुख्य संरक्षक व पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मां महाकाली की आरती उतारकर और पहला दीप प्रज्वलित कर किया।
आयोजन में धर्म रक्षा मंच की ओर से सवा लाख दीप जलाए गए, जबकि श्रद्धालुओं ने एक लाख से अधिक दीपों का दान किया। इनमें 2100 गोबर से बने दीप शामिल रहे। महिलाओं ने स्वयं कच्ची मिट्टी से 5100 दीप तैयार कर प्रज्वलित किए। देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने और पूजन-दीपदान का सिलसिला जारी रहा।
जिलाधिकारी ने दीपोत्सव को अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक बताते हुए इसकी आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। पुलिस अधीक्षक ने आयोजन को अद्भुत और अविस्मरणीय बताते हुए श्रद्धालुओं व आयोजन समिति को बधाई दी। पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दीपोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और एकता का भी प्रतीक है। श्रद्धालुओं ने जाति-पांत से ऊपर उठकर सामूहिक दीपदान के जरिए एकता का संदेश दिया।
मंदिर व्यवस्थापक ठाकुर प्रसाद मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में श्रद्धालुओं में अधिक उत्साह देखने को मिला। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम अलर्ट पर रही। श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया।
आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, अजय उपाध्याय, एसडीएम विवेकानंद मिश्र, सीओ बृजेश कुमार वर्मा, दीपेंद्र विक्रम सिंह, विनोद बाबा, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, लवकुश ओझा, डा. दशरथ चौधरी, चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू चौधरी, धर्मराज वर्मा, मधुसूदन अग्रहरि, दिलीप पाण्डेय, लालजी शुक्ला, संजय मिश्रा, राजन अग्रहरि, शत्रुहन सोनी, बब्बू पाठक, रघुनंदन पांडेय, अजय अग्रहरि, प्रेम पांडेय, धर्मेश पांडेय, डम्पू पांडेय, अभिषेक युवराज, हरी सिंह, पप्पू सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य लोग मौजूद रहे।