सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन व हुड़दंगई के खिलाफ लखनऊ पुलिस का विशेष अभियान, 411 लोगों के चालान

लखनऊ । पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर लखनऊ पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन एवं हुड़दंगई के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 106 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 2339 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें 411 व्यक्तियों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए जाने पर विधिक कार्रवाई करते हुए चालान किए गए।पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण तथा सभी जोनों के पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, अपराधों की रोकथाम करना तथा सार्वजनिक शांति एवं सौहार्द बनाए रखना रहा।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, दुकानों के बाहर खुले में बैठकर शराब पीने वाले व्यक्तियों, शराब पीकर हुड़दंग करने वालों तथा राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और आमजन को असुविधा पहुंचाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। साथ ही सभी संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियां न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।जोनवार कार्रवाई में उत्तरी जोन में 20 स्थानों पर 383 व्यक्तियों की जांच कर 114 लोगों के चालान किए गए। दक्षिणी जोन में 22 स्थानों पर 506 व्यक्तियों की जांच में 51 लोगों पर कार्रवाई हुई। पूर्वी जोन में 23 स्थानों पर 663 व्यक्तियों की जांच के दौरान 86 लोगों के चालान किए गए, जबकि पश्चिमी जोन में 23 स्थानों पर 539 व्यक्तियों की जांच में 115 लोगों पर कार्रवाई की गई। मध्य जोन में 18 स्थानों पर 248 व्यक्तियों की जांच कर 45 लोगों के चालान किए गए।पुलिस द्वारा गोपालपुरवा, पेपर मिल रोड, रिंग रोड, मोतीनगर, राजेन्द्र नगर, कल्ली पश्चिमी, जगतखेड़ा मोड़, सलेमपुर, 60 फीटा रोड, इंजीनियरिंग चौराहा, मिर्जागंज चौराहा, तिवारीगंज, गीतापुरी मार्केट, खरगापुर चौराहा और हुसड़िया सहित कई भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग की गई।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने शराब की दुकानों के संचालकों को निर्देश दिए कि दुकानों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि लखनऊ पुलिस का उद्देश्य शहर में शांति, सुरक्षा और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना है।