बस्ती में 40 लाख की लागत से बनेगा आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क, अध्यक्ष नेहा वर्मा ने किया शिलान्यास

बस्ती में 40 लाख की लागत से बनेगा आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क, अध्यक्ष नेहा वर्मा ने किया शिलान्यास

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। शहर के बैरिहवा क्षेत्र (डॉन वास्को स्कूल के पास) में बच्चों के खेलकूद और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए जल्द ही एक आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क आकार लेगा। बुधवार को मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत करीब 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क का शिलान्यास नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा द्वारा किया गया।

शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने कहा कि शहर के चौमुखी विकास के साथ-साथ बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और मनोरंजक माहौल देना हमारी प्राथमिकता है। इस पार्क के बनने से बच्चों को खेलकूद के लिए एक व्यवस्थित स्थान मिलेगा, वहीं युवाओं और बुजुर्गों के लिए सुबह-शाम टहलने व व्यायाम की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

पार्क में मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं:

बच्चों के लिए: झूलों समेत विभिन्न प्रकार के आधुनिक खेलकूद उपकरण।

स्वास्थ्य एवं फिटनेस: युवाओं और नागरिकों के लिए ओपन जिम की व्यवस्था।

सुरक्षा एवं सौंदर्य: मजबूत बाउंड्रीवाल, मुख्य गेट, आकर्षक फूल-पौधे और हरियाली।

सुविधाएं: टहलने के लिए पाथवे, रात में समुचित प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) और बैठने के लिए आरामदायक बेंच।

स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए खुशी जताई है। उनका मानना है कि इस पार्क से क्षेत्र में एक सुरक्षित और बेहतर वातावरण बनेगा तथा बैरिहवा क्षेत्र के सौंदर्य में इजाफा होगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, जेई अर्पित निगम, वरिष्ठ भाजपा नेता अंकुर वर्मा, सभासद प्रफुल्ल श्रीवास्तव, मोनू पाण्डेय, विक्रम चौहान, विवेक श्रीवास्तव, अरुण पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार निर्माण कार्य जल्द पूरा कर पार्क को आम जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।