लंबित मांगों के निस्तारण की मांग को लेकर दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ ने की आमसभा
मुख्यमंत्री से न्यायालय कर्मियों की समस्याओं पर एक माह में सकारात्मक कार्रवाई के आदेश की मांग, 2 अक्टूबर को निकलेगी तिरंगा यात्रा
लवकुश सिंह संवाददाता
दैनिक अनुराग लक्ष्य बस्ती
बस्ती । दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर बुधवार को जिला शाखा-बस्ती की आमसभा आयोजित की गई। संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद न्यायालय कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं पर चर्चा की गई। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि शासन स्तर पर लंबित कार्यों के संबंध में एक माह के भीतर सकारात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए जाएं।
संघ अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रांतीय संघ द्वारा जनपद लखनऊ में आमसभा आयोजित कर प्रदेश की सभी जिला शाखाओं की उपस्थिति में अपने अधिकारों एवं मांगों के लिए सत्याग्रह का रास्ता चुना गया है। इसी क्रम में बस्ती शाखा द्वारा भी कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 एवं 2022 से लंबित जिला न्यायालय सेवा नियमावली संशोधन के प्रख्यापन, माननीय न्यायालय के आदेशानुपालन में संविदा कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी एवं नियमितीकरण, जनपद न्यायालयों में लोप हो चुके वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद के पुनर्सृजन, पूर्व वेतन 4600 के लिमिटेड कर्मचारियों को उसी विभाग के अन्य राजपत्रित प्रतिष्ठा प्रदान किए जाने तथा मकान किराया भत्ता की दरों के पुनरीक्षण की मांग लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित है।
संघ ने इन सभी मांगों पर शीघ्र निर्णय लिए जाने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने से उनमें असंतोष है। उन्होंने शासन से न्यायालय कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की अपील की।
अशोक कुमार सिंह ने बताया कि 13 सितंबर 2026 को माननीय सदर विधायक को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 2 अक्टूबर 2026 को शांतिपूर्ण ‘तिरंगा यात्रा’ निकालकर मांगों को बुलंद किया जाएगा। यदि इसके बावजूद मांगें पूरी नहीं होती हैं तो 25 अक्टूबर 2026 को पूरे प्रदेश के जनपद न्यायालय कर्मचारी लखनऊ सत्याग्रह में उपस्थित होंगे।
आमसभा में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव, प्रशासनिक अधिकारी/मुंसिरिम आशुतोष मणि त्रिपाठी, अमित कुमार श्रीवास्तव बड़े बाबू, चीफ रीडर सौरभ श्रीवास्तव, केंद्रीय नाजिर सर्वज्ञ मणि त्रिपाठी, जिला शाखा सचिव चन्द्र मोहन श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष मूलचन्द्र शर्मा, नियाज अहमद, राधेश्याम सिंह, अरुण कुमार मौर्य, संयुक्त मंत्री आदर्श श्रीवास्तव, उमेशचन्द्र जायसवाल, प्रवीण श्रीवास्तव, डिप्टी नाजिर प्रमोद चौधरी, चटर्जी, अदालत अमीन राजवन्त सिंह, संतोष कुमार त्रिपाठी, लेखा लिपिक सुमित झा, अभिलेखपाल कुलदीप कुमार द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में न्यायालय कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में संघ अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान तक संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा।