सरकारी भूमि पर चला बुलडोजर, 10 करोड़ की जमीन अतिक्रमण से मुक्त

लखनऊ  नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत गुरुवार को ग्राम सरसवां, तहसील सरोजनी नगर क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के दौरान अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया।यह कार्रवाई अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न हुई। सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम लखनऊ अरविन्द पाण्डेय द्वारा गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे अभियान को अंजाम दिया। टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रकाश ने किया।अधिकारियों के अनुसार ग्राम सरसवां स्थित गाटा संख्या 839 (0.204 हे०), 842 (0.239 हे०), 843 मि (0.204 हे०) तथा 1018 मि (0.161 हे०) की भूमि राजस्व अभिलेखों में क्रमशः नवीन परती, बंजर एवं नदी के रूप में दर्ज है। इन शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका थी।सूचना मिलने पर नगर निगम लखनऊ की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। जेसीबी मशीनों के माध्यम से बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया गया और भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इस दौरान थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस द्वारा पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी। नगर निगम की ईटीएफ (ETF) फोर्स भी मौके पर मौजूद रही।अभियान में नगर निगम के लेखपाल राजू सोनी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आवश्यक अभिलेखीय सहायता प्रदान की। अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई में कुल 0.857 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है।
नगर निगम के मुताबिक मुक्त कराई गई इस भूमि की वर्तमान बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है और भविष्य में इसका उपयोग जनहित से जुड़े कार्यों में किया जा सकता है।