दुष्कर्म मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार: प्रतापगढ़ की हथिगवां पुलिस ने कौशांबी से पकड़ा
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ की हथिगवां पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे कौशांबी जनपद से पकड़ा, जिसके बाद विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, हथिगवां थाने में दर्ज दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त गोपाल शाहू पुत्र मथुरा प्रसाद को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। गोपाल शाहू कौशांबी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र के काकराबाद कसिया गांव का निवासी है और उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। अभियुक्त गोपाल शाहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(2) और 64 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा अमरनाथ गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी हथिगवां सत्येन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह गिरफ्तारी की। इस टीम में निरीक्षक अयोध्या कुमार, हेड कांस्टेबल सत्येन्द्र सिंह और महिला कांस्टेबल अंजली त्रिपाठी भी शामिल थीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।