अयोध्या में संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या में इन दिनों संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञानयज्ञ का भव्य आयोजन जारी है। कथा स्थल सिद्धपीठ नाका हनुमानगढ़ी पर प्रतिदिन सायंकाल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं।
इस धार्मिक आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में श्रीमती विद्या देवी पाण्डेय (पत्नी स्व. रमेश चन्द्र पाण्डेय) उपस्थित हैं। कथा का वाचन परम पूज्य कथाव्यास श्री अमरेश्वरानंद जी महाराज द्वारा किया जा रहा है, जो अपने मधुर और ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर रहे हैं।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्तों के प्रति उनके प्रेम और धर्म की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला जा रहा है। संगीतमयी प्रस्तुति के साथ कथा होने से वातावरण अत्यंत भक्तिमय और भावपूर्ण बना हुआ है।
कार्यक्रम में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज से भी लोग पहुंच रहे हैं। आयोजन में व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में राजेंद्र पाण्डेय, अभिनव पाण्डेय, प्रवीण पाण्डेय, प्रमोद पाण्डेय सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों के अनुसार कथा का समापन 9 अप्रैल को हवन एवं भंडारे के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। धर्म और भक्ति के इस महोत्सव ने अयोध्या की आध्यात्मिक गरिमा को और भी ऊंचाई प्रदान की है।