योग से स्वस्थ तन-मन, वृद्धजनों के सम्मान से मिलता है संस्कारों का संदेश

योग से स्वस्थ तन-मन, वृद्धजनों के सम्मान से मिलता है संस्कारों का संदेश

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। आदर्श नगर पंचायत द्वारा आयोजित 35वें योग शिविर एवं वृद्ध जन सम्मान समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीलम सिंह राना ने बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता की। उन्होंने योग शिविर में योगाभ्यास करते हुए नागरिकों से स्वस्थ जीवन के लिए योग और ध्यान को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

 

चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड स्थित गुरुकुल ग्लोबल एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि योग हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा मानव समाज को दिया गया महाप्रसाद है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक है, बल्कि मानसिक शांति और जीवनशैली को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि परिवार के वृद्धजन हमारे लिए प्रत्यक्ष देवी-देवताओं के समान हैं। उनकी सेवा, सम्मान और देखभाल करके हम नई पीढ़ी को सामाजिक मूल्यों एवं संस्कारों का संदेश दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि नगर देश की पहली नगर पंचायत है, जहां प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को योग दिवस एवं वृद्ध जन सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है।

 

समारोह के दौरान अध्यक्ष ने 80 वर्षीय श्रीमती लाली देवी एवं 86 वर्षीय श्री मैकू को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया। इसके बाद मिष्ठान खिलाकर तिलक लगाया और आरती उतारकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

 

अध्यक्ष श्रीमती राना ने गुरुकुल ग्लोबल एकेडमी के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर को देश के स्तर पर प्रतिष्ठित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सामाजिक सहभागिता और जन-जागरूकता आवश्यक है।

 

कार्यक्रम में गुरुकुल ग्लोबल एकेडमी के प्रबंधक हरिपाल निषाद, सभासद सतराम निषाद, योग शिक्षिका राजकुमारी सोनी, सुमन, राकेश शुक्ला, राजेश त्रिपाठी, राकेश पाण्डेय, रणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन श्रुति कुमार अग्रहरि ने किया।