पत्नी के दबाव से आत्महत्या करने का आरोप, छावनी पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। थाना छावनी पुलिस ने रामबहाल यादव की मौत के मामले में उसकी दूसरी पत्नी इन्द्रावती देवी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक फायरशुदा खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर की शाम ग्राम बबुरहवा में रामबहाल यादव (50) को संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में गोली लगी मिली थी। सूचना पर छावनी पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई की। प्रारंभ में मृतक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए उसके परिजन की तहरीर पर इन्द्रावती, उसके पहले पति के पुत्र सर्वेश तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक के बयान तथा फील्ड यूनिट की जांच के आधार पर मामले की दिशा बदली। पुलिस का कहना है कि जांच में रामबहाल द्वारा स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, रामबहाल शराब का सेवन करता था और पत्नी इन्द्रावती द्वारा लगातार घरेलू एवं आर्थिक मामलों को लेकर दबाव बनाए जाने से मानसिक रूप से परेशान रहता था। आरोप है कि पत्नी द्वारा जमीन बेचकर दुकान बनवाने, जेवर गिरवी रखने और बच्चों के भविष्य को लेकर लगातार दबाव डाला जाता था। इससे रामबहाल तनाव में रहता था और कई बार दुनिया छोड़ने की बात कहता था। घटना वाले दिन भी उसके शराब के नशे में होने की बात पुलिस ने बताई है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद इन्द्रावती ने डर के कारण कथित तौर पर तमंचे को छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम बबुरहवा से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक फायरशुदा खोखा कारतूस बरामद किया।
मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस को हटाकर मुकदमे में धारा 108 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने इन्द्रावती देवी को आठ सितंबर की सुबह करीब 8:45 बजे उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येन्द्र यादव, उपनिरीक्षक सभाजीत मिश्रा समेत हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, राजीव रंजन सिंह, शिल्लू जायसवाल और महिला कांस्टेबल खुश्बु राठौर शामिल रहे।