शॉर्ट सर्किट से 7 बीघा गेहूं की फसल जली: किसानों को लाखों का नुकसान, मुआवजे की मांग

शॉर्ट सर्किट से 7 बीघा गेहूं की फसल जली: किसानों को लाखों का नुकसान, मुआवजे की मांग

प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र के गोगलपुर गांव में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में किसानों की लगभग सात बीघा खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से लगी। चिंगारी सूखी गेहूं की फसल पर गिरी और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई।

आग से अब्दुल खार, वाहिद अली, शाकिर, शाहिद और मोहम्मद शादिक की लगभग 5 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। शिव शंकर गुप्ता की भी करीब 2 बीघा गेहूं की फसल जल गई। कुल मिलाकर, सात बीघा फसल का भारी नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और दमकल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक किसानों को भारी नुकसान हो चुका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। फायर ब्रिगेड पट्टी के प्रभारी आदर्श कुमार ने बताया कि आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया है। प्रथम दृष्टया आगजनी की घटना बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने के कारण हुई है।