वीरेंद्र चौधरी ने कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता का पदभार संभाला

लखनऊ  कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता का पदभार ग्रहण किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया। वीरेंद्र चौधरी महराजगंज जिले की फरेंदा विधानसभा सीट से विधायक हैं।पदभार ग्रहण करने के बाद वीरेंद्र चौधरी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करेंगे। कांग्रेस विधानसभा में प्रदेश के प्रत्येक पीड़ित और जरूरतमंद व्यक्ति की आवाज बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से शोषित, वंचित और पीड़ित वर्गों के हितों के लिए काम करती रही है। विधानसभा में सभी वर्गों, जातियों और धर्मों के लोगों की समस्याओं के साथ ही प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने वीरेंद्र चौधरी को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वह विधानसभा में प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानमंडल दल का यह पद ऐतिहासिक महत्व रखता है। इस जिम्मेदारी को पहले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों सहित अनेक महान विभूतियों ने सुशोभित किया है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि वीरेंद्र चौधरी पार्टी की ओर से जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में उठाएंगे।इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित, पूर्व प्रदेश महासचिव गौरव चौधरी, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रदेश चेयरमैन कनेक्ट सेंटर मनीष हिन्दवी और सचिन रावत सहित अन्य नेताओं ने वीरेंद्र चौधरी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। कार्यक्रम में अभिषेक सिंह पटेल, अखिलेश वर्मा, कैलाश चौहान (लोनिया), जितेंद्र वर्मा, राहुल गंगवार, कनिष्क कुमार, वर्चस्व कुमार, शाहबाज खान, मुकेश चौहान, अभिमन्यु सिंह, विशाल वर्मा और कल्पना वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।