प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र टिप्पणी करने वाले की तत्काल गिरफ्तारी हेतु भाजपाईयों ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र टिप्पणी करने वाले की तत्काल गिरफ्तारी हेतु भाजपाईयों ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री विवेकानंद मिश्र के निर्देश पर समाजसेवी एवं भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि दिनांक 26 मार्च 2026 को थाना पैकोलिया अन्तर्गत सिरकोहिया गांव निवासी पवन यादव नामक युवक द्वारा एक पेट्रोल पंप जो कि सार्वजनिक स्थल है पर देश के माननीय प्रधानमंत्री के प्रति अत्यंत अशोभनीय, अमर्यादित एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। उक्त घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के कारण जनमानस में तीव्र आक्रोश व्याप्त है।

चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों का घोर अपमान है, बल्कि यह समाज में अराजकता एवं वैमनस्य को बढ़ावा देने वाला कृत्य भी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस प्रकार की घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं और ऐसे कृत्यों पर तत्काल एवं कठोर कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग किया कि अभियुक्त के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई करते हुए उसकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून का भय बना रहे और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि न्याय में विलंब जनभावनाओं को आहत करता है, जबकि त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई ही प्रशासन की विश्वसनीयता को सुदृढ़ बनाती है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा टीम 11 के सत्येन्द्र सिंह भोलू, विनोद चौधरी, नीलेश कुमार सिंह, राजीव पाण्डेय, नितीश कुमार एवं संतोष पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में कठोर कार्रवाई की मांग की।