लखनऊ(आरएनएस ) उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के मद्देनजर राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर याशोद ने कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम से आम जनता को लगातार SMS के माध्यम से मौसम की चेतावनी भेजी जा रही है। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रदेश के समस्त जनपदों में कम्बल वितरण, रैन बसेरों और अलाव की स्थिति की निगरानी भी की जा रही है। इसके अलावा आम जनमानस द्वारा आपात स्थिति में कॉल 1070 पर आने पर तत्काल सहायता प्रदान की जा रही है।मौसम विभाग ने शुक्रवार को तीन दिन का बुलेटिन जारी किया है। इसके अनुसार, पहले दिन प्रदेश के 50 जनपदों में रेड अलर्ट (अत्यंत घना कोहरा), 17 जनपदों में ऑरेंज अलर्ट (घना कोहरा) और 8 जनपदों में यलो अलर्ट (मध्यम कोहरा) रहने की संभावना है। साथ ही, 40 जनपदों में शीतदिवस अलर्ट का पूर्वानुमान जारी किया गया है।राहत आयुक्त के नेतृत्व में कंट्रोल रूम द्वारा लगातार संदेश के माध्यम से संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक और आपदा प्रबंधन से जुड़े अन्य अधिकारियों तथा आम जनता को चेतावनी भेजी जा रही है। गुरुवार और शुक्रवार के मध्य कंट्रोल रूम ने सचेत एप के माध्यम से 12 करोड़ 52 लाख लोगों के मोबाइल पर मौसम संबंधी अलर्ट भेजा।राहत आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे भेजे गए संदेशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उसी अनुसार अपनी यात्रा व अन्य गतिविधियों की योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए शीतलहर और ठंड से बचाव बेहद आवश्यक है और सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करना हर किसी का कर्तव्य है।