आयुर्वेदिक अस्पतालों का किया औचक निरीक्षण

 

बस्ती। आयुर्वेद निदेशालय के प्रभारी अधिकारी महेंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार को जिले के विभिन्न सरकारी आयुर्वेदिक अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं की स्टॉक स्थिति, भूमि संबंधी दस्तावेजों और कार्मिकों की उपस्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महेंद्र विक्रम सिंह ने स्पष्ट कहा कि सरकारी आयुर्वेदिक अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, दवा वितरण व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की मंशा है कि हर आयुर्वेदिक अस्पताल की अपनी भूमि हो, ताकि भविष्य में अस्पतालों के विस्तार और विकास कार्यों में किसी भी तरह की बाधा न आए। इस संबंध में उन्होंने जिला प्रशासन व संबंधित अधिकारियों को भूमि हस्तांतरण और दस्तावेजी प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। आयुष विभाग में कार्यरत अंशकालिक एवं पूर्णकालिक योग प्रशिक्षकों के मानदेय संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ाने का निर्णय मुख्य रूप से केंद्र सरकार के बजट पर निर्भर करता है। यदि केंद्र सरकार बजट में बढ़ोतरी करती है, तो मानदेय भी बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग लगातार योग प्रशिक्षकों के हित में सकारात्मक पहल की मांग करता रहा है।