मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत मिशन शक्ति केन्द्र, महिला थाना बहराइच में महिला सम्मान समारोह एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया
– *पारिवारिक प्रकरणों के निस्तारण से लाभान्वित अभिभावकों व परिवारीजन से संवाद कर अनुभव एवं सुझाव प्राप्त करते हुए किया गया सम्मानित।*
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बहराइच *श्री विश्वजीत श्रीवास्तव* के निर्देशानुसार आज दिनांक 16.10.2026 को मुख्यालय स्तर पर मिशन शक्ति केन्द्र, महिला थाना, बहराइच परिसर में नोडल मिशन शक्ति/अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण *श्री दुर्गा प्रसाद तिवारी* एवं सह-नोडल मिशन शक्ति/क्षेत्राधिकारी *श्रीमती हर्षिता तिवारी* के नेतृत्व में महिला सम्मान समारोह एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति केन्द्र/ परिवार परामर्श केन्द्र के माध्यम से सफलतापूर्वक निस्तारित कराए गए पारिवारिक प्रकरणों के पक्षकारों एवं उनके परिजनों से संवाद स्थापित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक विवादों का आपसी संवाद, परामर्श माध्यम से समाधान कराने में परिवार परामर्श केन्द्र की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। निस्तारित प्रकरणों के पक्षकारों एवं उनके परिजनों को फल व पम्पलेट वितरित कर सम्मानित किया गया तथा परामर्श प्रक्रिया के दौरान प्राप्त सहयोग एवं विवादों के समाधान से संबंधित उनके अनुभव, सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति के उद्देश्यों, महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण से संबंधित योजनाओं तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं को आश्वस्त किया गया कि उत्पीड़न, हिंसा अथवा पारिवारिक विवाद की स्थिति में वे निःसंकोच पुलिस एवं परिवार परामर्श केन्द्र से संपर्क कर सकती हैं, जहां उनकी समस्याओं के समाधान हेतु नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के माध्यम से निस्तारित पारिवारिक प्रकरणों के पक्षकारों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर परामर्श प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता प्राप्त होगी । इसके अतिरिक्त महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक करने के साथ ही पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान हेतु संवाद एवं परामर्श की महत्ता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
इसी क्रम में जनपद के समस्त थानों द्वारा भी संबंधित क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में अपने-अपने क्षेत्रों में मिशन शक्ति केन्द्र/परिवार परामर्श केन्द्र के माध्यम से उक्त कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को सम्मानित कर उनके अनुभव व फीडबैक प्राप्त किये गये ।