रोजगार मेले में 385 अभ्यर्थियों का चयन, विधायक सरोज सोनकर ने किया शुभारंभ

रोजगार मेले में 385 अभ्यर्थियों का चयन, विधायक सरोज सोनकर ने किया शुभारंभ

 

निजी क्षेत्र की 21 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 600 से अधिक अभ्यर्थियों का हुआ साक्षात्कार

 

बहराइच, 17 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से विधानसभा क्षेत्र बलहा के विकास खंड परिसर मिहींपुरवा में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

 

कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने मंचासीन अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। विधायक सरोज सोनकर ने रोजगार मेले की सराहना करते हुए युवाओं से सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकते हैं।

 

विधायक ने कहा कि ईमानदारी और लगन से किया गया कोई भी कार्य छोटा नहीं होता। मेहनत और समर्पण के बल पर छोटे-छोटे उद्योग भी बड़े उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों का रूप ले सकते हैं। उन्होंने विदेश में रोजगार पाने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे सेवायोजन विभाग के माध्यम से मिलने वाली जानकारी और सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा किसी निजी एजेंसी के माध्यम से विदेश जाने से पहले पूरी सावधानी बरतें।

 

21 कंपनियों ने किया अभ्यर्थियों का चयन

 

जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कुल 21 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से 600 से अधिक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिनमें से 385 अभ्यर्थियों का द्वितीय चरण के लिए चयन किया गया।

 

मेले में उद्योग विभाग, खादी ग्रामोद्योग, कौशल विकास मिशन, ग्राम्य विकास, लीड बैंक और श्रम विभाग की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से उपस्थित लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पंजीकरण भी किया गया।

 

रोजगार मेले के आयोजन में खंड विकास अधिकारी मिहींपुरवा विजय कुमार सिंह ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में पार्टी के क्षेत्रीय मंडल अध्यक्ष, गणमान्य नागरिक, अभ्यर्थी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।