भरत मिलाप की लीला देख सजल हुए नैन

बस्ती। सनातन धर्म संस्था, बस्ती द्वारा आयोजित श्री रामलीला महोत्सव में पांचवे दिन का शुभारंभ प्रभु श्री राम जी की आरती के साथ प्रारम्भ हुआ। आरती में मुख्य रूप से नरेंद्र सिंह, शशि प्रभा त्रिपाठी, स्तुति मिश्रा, रंजना यादव, आँचल सिंह, प्रतिभा त्रिवेदी, अभिनय, अभिषेक शर्मा, राम सुभाष वर्मा, विनय पँवार, राजकुमार, रंजना यादव, प्रीती सिंह, पूनम सिंह, विवेक मिश्र, धर्मराज, राजीव पाण्डेय, शक्ति संगठन व चरित्र निर्माण शिविर के कई सदस्य सम्मिलित हुए। उर्मिला एजूकेशनल एकेडमी के छात्र- छात्राओं द्वारा की जा रही लीला में दिखा कि सुमन्त्र जी जो प्रभु श्री राम चन्द्र जी के साथ वन इस उद्देश्य से गये थे कि वे प्रभु श्री रामचन्द्र को मना कर वापस अयोध्या लिवा लाएंगे किंतु मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के संकल्प के आगे बिना साथ लिए भारी मन से अयोध्या लौट रहे थे किन्तु मार्ग में ही व्याकुल होकर रथ सहित रुक जाते हैं। निषाद राज द्वारा सुमंत्र को समझाकर अयोध्या पहुँचाया जाता है। जब सुमन्त्र द्वारा महाराज दशरथ को यह पता चलता है कि प्रभु श्री राम अयोध्या वापस नही आ रहे हैं वो विलाप कर धरती पर गिर पड़ते हैं और सबको बताते हैं कि किस प्रकार एक बार अनजाने में ऋषि शांतनु के पुत्र श्रवण कुमार की मृत्यु दशरथ जी के शब्द भेदी बाण से हो जाती है जिससे ऋषि शान्तनु व ज्ञानवती ने उन्हें श्राप दिया था कि वे भी पुत्र वियोग में अपने प्राण त्याग देंगे, मेरा वो समय आ गया है और विलाप करते करते राम राम कहते हुये अपने प्राण त्याग देते हैं।
भरत गुरु वशिष्ठ के बुलावे पर भरत जी तत्क्षण अयोध्या वापस आते हैं और प्रभु श्री राम के 14 वर्षों के वनवास का समाचार और राम के वियोग में पिता दशरथ के प्राण त्यागने से मूर्तिवत हो जाते हैं और  वो माता कैकेई पर भयंकर कुपित हुए। दासी मंथरा का शत्रुघ्न कूबड़ तोड़ देते हैं। पिता का अंतिम संस्कार कर भरत जी गुरु वशिष्ठ जी, माताओं समेत प्रभु को मानने वन की ओर चल देते हैं । निषादराज गुह के सहयोग से भरत की प्रभु से भेंट होती है। भरत के करुण क्रंदन से श्री राम का मन द्रवित हो उठा। वशिष्ठ जी द्वारा पिता की मृत्यु का समाचार सुन प्रभु श्री राम , लक्ष्मण व सीता जी सहित शोक में डूब जाते हैं। गुरु वशिष्ठ प्रभु को समझाते हैं कि उनके बिना अयोध्या अनाथ है कृपया वे पुनः राज सम्हालें। प्रभु बताते हैं रघुकुल रीत सदा चली आयी। प्राण जाएं पर वचन न जाई।। पिता के वचनों का मान सर्वोपरि हैं। तब वे भरत को राज धर्म की शिक्षा दे वापस लौट जाने की आज्ञा देते हैं भरत लौटने से पूर्व प्रभु के खड़ाऊं मांगते हैं जिसे प्रभु के वापस आने तक सिंहासन पर रख वे राज्य का संचालन करेंगे। व्यास जी द्वारा राम भक्त ले चला रे राम की निशानी, शीश पे खड़ाऊं अँखियों में पानी गीत के साथ हुए मंचन मे जब भरत जी सभी के बीच से खड़ाऊं लेकर निकलते हैं तो पूरे पंडाल में उपस्थित सभी के नेत्र सजल कर दिये।
व्यास राजा बाबू पाण्डेय आगे की लीला का सूत्रपात करते हुये दर्शकों से कहते हैं की-
जिन्ह हरि भगति हृदयँ नहि आनी।
जीवत सव समान तेइ प्रानी।।
उन्होंने कहा की जो भी मनुष्य श्री हरि की भक्ति को अपने हृदय मे नही धारण करता वह जीवित रहते हुये भी शव के समान है।
श्री रामलीला महोत्सव में अगले भाग में गन्ना विकास इंटर कॉलेज  खलीलाबाद के बच्चों द्वारा जयंत कथा व अत्रि- अनुसुइया उपदेश, सरभंग उद्धार, विराध वध, सुतीक्षण जी व मुनि अगस्त जी से भेंट, पंचवटी निवास तक की लीला का मंचन किया गया।
स्कूल के बच्चों द्वारा अभिनीत इस लीला में इंद्र पुत्र जयंत द्वारा कौवे का वेश धर कर सीता जी के चरण पर चोंच मारने। इसके बाद माता अनुसुइया द्वारा सीता जी को पतिव्रत धर्म के पालन करने की शिक्षा दी गई , मार्ग मे विराध नामक असुर का वध भगवान द्वारा किया गया और सरभंग ऋषि का उद्धार करते हुये, सुतीक्ष्ण जी के साथ अगस्त जी के आश्रम मे विश्राम करते हैं। अस्थियों के समूह को देखकर भगवान प्रण करते हैं की अब इस पृथ्वी को निशाचरों से हीन कर दूंगा।
महेश प्रताप इंटर कॉलेज, रुधौली के बच्चों ने लीला के दिखाया की भगवान श्री राम जी अगस्त जी द्वारा सुझाये गये स्थान पंचवटी पहुंचते हैं जहाँ पर गिद्ध जटायु से भेंट करते हैं और पर्णकुटी बनाकर वहाँ निवास करते और लक्ष्मण जी को ज्ञान और भक्ति का उपदेश देते हैं।
मंचन के समय डॉ अश्विनी कुमार सिंह, डॉ डी के गुप्ता, डॉ निधि गुप्ता, पुष्पा चौधरी, सन्तोष कुमार पांडेय, शिखा मिश्रा, दीपांजलि राय, साधना राय,आश्वेन्द्र कुमार राय, मनीष सिंह, डॉ शैलेश सिंह, रमेश सिंह, डॉ शैलेश सिंह, बसन्त गुप्ता, अंजू मिश्रा, सत्यनाम कौर, श्रवण चौधरी, बुद्धिसागर दूबे, भोलानाथ चौधरी, डॉ दुर्गेश पाण्डेय, डॉ रोहन दूबे, अभय त्रिपाठी, अंकित त्रिपाठी, उर्मिला त्रिपाठी, उमेश चंद्र त्रिपाठी, मीना त्रिपाठी, तारा त्रिपाठी, मुक्तेश्वर नाथ आजाद, शिवम, हरीश त्रिपाठी, आचार्य अम्बिकेश्वर दत्त ओझा जी आदि सहित पूरा पांडाल भरा रहा।
 सोमवार की लीला का विवरण
बस्ती। सनातन धर्म संस्था द्वारा हो रही श्री रामलीला महोत्सव के सातवें दिन की लीला में रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार सिद्धार्थनगर के बच्चों द्वारा सीता की खोज तथा ब्लूमिंग बड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों द्वारा हनुमानजी का लंका के लिये प्रस्थान, अशोक वाटिका प्रसंग, लंका दहन, हनुमानजी की वापसी तक की लीला का मंचन किया जायेगा। मंचन का समय सायं 05.00 बजे से किया जायेगा।